रांची(RANCHI): राजधानी रांची में चोरो का आतंक बढ़ता जा रहा है. शहर में बंद घर की रेकी कर निशाना बनाने में लगे है. एक ऐसा ही मामला सदर थाना क्षेत्र से सामने आया. जहाँ एक बंद घर में लाखों रूपये की चोरी की घटना को नकाबपोश चोरो ने अंजाम दिया है. पूरी चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. घर मालिक को जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. जिसके बाद पुलिस मामले की जाँच में जुटी है.
घर बंद कर पलामू गए थे मकानमालिक
पीड़ित कुंदन कुमार रजक ने सदर थाना को दिए आवेदन में बताया कि वह 4 दिन पूर्व अपने पुश्तैनी घर डाल्टनगंज गए थे.घर से निकलते समय बाहर के गेट और अंदर की ग्रिल में ताला लगाकर घर बंद किया था.
पड़ोसियों ने दी चोरी की सूचना
लेकिन सोमवार को उनके पड़ोसियों ने फोन करके सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है. जिसके बाद पडोसी को उन्होंने घर के अंदर देखने के लिए कहा. जब घर के अंदर देखा गया तो पता चला कि घर में चोरी हो चुकी है. घर का सारा सामान बिखरा हुआ था.
सीसीटीवी में कैद हुए चोर
पड़ोसी खोरठा कुटीर के CCTV कैमरे की फुटेज देखने पर पता चला कि रात लगभग 2:00 बजे (02 अगस्त 2026) 5–6 अज्ञात व्यक्ति मेरे घर के बाहर का गेट एवं अंदर की ग्रिल का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किए और चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरी के दौरान उन्होंने पड़ोसी संजय रजक (खोरठा कुटीर)के CCTV कैमरे को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया.
लाखों की चोरी
उन्होंने बताया कि घर से लगभग ₹2,00,000 (दो लाख रुपये) नकद, एक सोने की चेन, एक सोने का लॉकेट, घरेलू बर्तन तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए.चोरी कि घटना की जानकारी B.I.T मोड़ TOP, राँची पुलिस को फोन पर दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और प्रारंभिक जांच की.
जाँच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया है कि सीसीटीवी फूटेज के आधार पर जाँच की जा रही है. जल्द ही इस कांड का खुलासा किया जाएगा. चोर की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

