रांची में चोरों का बढ़ता आतंक! पुलिस बैरक से फोन और नकदी उड़ा ले गए बदमाश

रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में रेलवे के सरकारी बैरक को चोरों ने निशाना बनाया. चार पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी में बदमाश खिड़की की रॉड तोड़कर अंदर घुसे और मोबाइल, नकदी व जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए.

रांची में चोरों का बढ़ता आतंक! पुलिस बैरक से फोन और नकदी उड़ा ले गए बदमाश

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं. चुटिया थाना क्षेत्र में तिवारी स्वीट्स के समीप रेलवे के सरकारी आवासीय बैरक सी/59 को चोरों ने निशाना बनाया. बताया गया कि वीकेंड की छुट्टी के कारण चार पुलिसकर्मी बैरक से बाहर थे. इसी का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश अंदर घुसे और कमरों से मोबाइल फोन, नकदी और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए. घटना के बाद चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

जानकारी के अनुसार, चोरों ने बैरक में घुसने के लिए पहले रसोई की खिड़की में लगी लोहे की रॉड को तोड़ा. इसके बाद पिछले दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर परिसर के अंदर प्रवेश किया. अंदर पहुंचने के बाद बदमाशों ने अलग-अलग कमरों की तलाशी ली और कीमती सामान समेट लिया. वारदात के बाद कमरों में सामान बिखरा हुआ मिला.

छुट्टी पूरी होने के बाद जब पुलिसकर्मी बैरक लौटे, तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली. कमरों की जांच करने पर मोबाइल फोन, नकदी और जरूरी कागजात गायब पाए गए. इसके बाद तत्काल चुटिया थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई.

चोरी की इस वारदात में एएसआइ मनोज कुमार यादव, एएसआइ जितेंद्र कुमार, आरक्षी अमित कुमार झा और आरक्षी नीरज कुमार के कमरे प्रभावित हुए हैं. मामले को लेकर रेल जिला धनबाद में तैनात आरक्षी नीरज कुमार की ओर से चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए. अधिकारियों को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकेगा.