रांची (RANCHI): राजधानी रांची का सबसे सुरक्षित और पौष इलाकों में गिना जाने वाला अशोक नगर अब चोरों के निशाने पर आ गया है. बीती देर रात यहां दो बड़े कारोबारियों के घरों में चोरी और चोरी की कोशिश की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. एक ओर जहां चोर एक कारोबारी के घर से लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गए, वहीं दूसरे घर में चोरी की कोशिश के दौरान बिल्डर के बॉडीगार्ड से हुई मिसफायरिंग में वह खुद गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात बदमाशों ने राजधानी के चर्चित बिल्डर निशित केसरी और कारोबारी अखिलेश पांडे के घर को निशाना बनाया. चोर पहले निशित केसरी के घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वहां तैनात सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके. इसी दौरान घर की सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर अपनी एके-47 राइफल लेकर बाहर निकला.
घर की जांच के दौरान अचानक बॉडीगार्ड की एके-47 से गोली चल गई. यह मिसफायर उसी के लिए जानलेवा साबित हुआ और गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है. उधर, बदमाशों ने कारोबारी अखिलेश पांडे के घर में पाइप के सहारे प्रवेश किया. घर के अंदर पहुंचकर उन्होंने कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया और उसी रास्ते से फरार हो गए. सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई.
सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी बदमाशों ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था, ताकि उनकी पहचान न हो सके. हालांकि, पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि एक घर में चोरी की घटना हुई है, जबकि दूसरे घर में चोरी की कोशिश नाकाम रही. इसी दौरान हुई मिसफायरिंग में बॉडीगार्ड घायल हो गया. वहीं, सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि रात करीब दो बजे बिल्डर निशित केसरी के घर में संदिग्धों के घुसने की सूचना मिली थी. जांच के दौरान बॉडीगार्ड की एके-47 से गोली चल गई, जिससे वह घायल हो गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार चोरों की तलाश तेज कर दी गई है.

