JMM ने BJP के ‘दोहरे रवैये’ पर उठाया सवाल, कहा - यूपी में CBI जांच रोकने सुप्रीम कोर्ट गई, झारखंड में क्यों चाहिए CBI जांच

JMM ने BJP के ‘दोहरे रवैये’ पर उठाया सवाल, कहा - यूपी में CBI जांच रोकने सुप्रीम कोर्ट गई, झारखंड में क्यों चाहिए CBI जांच

रांची (RANCHI): झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने TDPL एजेंसी को लेकर भाजपा पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है. JMM का कहना है कि झारखंड में भाजपा TDPL से जुड़े मामले की CBI जांच की मांग कर रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार इसी एजेंसी से जुड़े एक मामले में CBI जांच के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुकी है.

JMM ने यूपी मामले का दिया हवाला
JMM के मुताबिक, TDPL पर उत्तर प्रदेश विधानसभा और विधान परिषद में नियुक्तियों से जुड़ी कथित अनियमितताओं के आरोप भी लगे थे. यह मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट तक पहुंचा था. पार्टी का दावा है कि हाईकोर्ट ने मामले की जांच CBI से कराने का आदेश दिया था, लेकिन उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी. JMM का आरोप है कि इसी वजह से मामले की CBI जांच आगे नहीं बढ़ सकी. पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम को झारखंड में भाजपा के रुख से जोड़ते हुए सवाल उठाया है कि अगर TDPL के खिलाफ CBI जांच जरूरी है, तो यूपी में भाजपा सरकार ने हाईकोर्ट के CBI जांच संबंधी आदेश को चुनौती क्यों दी?

झारखंड में CID कर रही जांच
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जांच जारी है. TDPL से जुड़े मामले में CID की कार्रवाई का भी JMM ने उल्लेख किया है. पार्टी के अनुसार, आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष, एजेंसी के निदेशक और अन्य आरोपियों समेत करीब 20 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. हालांकि, इन मामलों में सामने आए आरोपों और गिरफ्तारियों को लेकर अंतिम कानूनी निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.

छात्रों की मांग- TDPL से जुड़ी सभी परीक्षाएं रद्द हों
इधर, JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. आंदोलनकारी छात्र TDPL के माध्यम से आयोजित कराई गई सभी परीक्षाओं की जांच और उन्हें रद्द करने की मांग कर रहे हैं. साथ ही पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग भी उठाई जा रही है. भाजपा ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए CBI जांच की मांग की है. इसी मुद्दे को लेकर JMM ने भाजपा पर निशाना साधते हुए यूपी और झारखंड में उसके रुख को लेकर सवाल खड़े किए हैं. अब TDPL मामले में सियासी बयानबाजी के साथ जांच भी आगे बढ़ रही है. ऐसे में आने वाले दिनों में इस विवाद को लेकर राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं.