राज्यसभा चुनाव की रणभेरी बजते ही एक्टिव हुआ INDIA गठबंधन, CM आवास में आज होगा मॉक पोल

राज्यसभा चुनाव की रणभेरी बजते ही एक्टिव हुआ INDIA गठबंधन, CM आवास में आज होगा मॉक पोल

रांची (RANCHI): राज्यसभा चुनाव को लेकर INDIA गठबंधन ने अपनी रणनीतिक तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. इसी क्रम में 16 और 17 जून को मुख्यमंत्री आवास में गठबंधन के सभी विधायक और प्रमुख नेताओं की अहम बैठक बुलाई गई है. बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति, वोटिंग प्रक्रिया और संगठनात्मक समन्वय पर विस्तार से चर्चा होगी.

सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन अपने विधायकों को मतदान की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित करेगा. इसके तहत मॉक पोल कराया जाएगा, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियागत त्रुटि की संभावना न रहे. नेतृत्व का मानना है कि प्रत्येक विधायक को मतदान की बारीकियों की पूरी जानकारी होना आवश्यक है.

जानकारी यह भी है कि मतदान के दिन के लिए गठबंधन ने विशेष प्लान तैयार किया है. तय कार्यक्रम के अनुसार सभी विधायक सबसे पहले मुख्यमंत्री आवास में एकत्रित होंगे. वहां से वे एकजुट होकर मतदान केंद्र के लिए रवाना होंगे. गठबंधन नेतृत्व किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है.

राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं और सभी दल अपने-अपने स्तर पर जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं. INDIA गठबंधन भी अपने विधायकों के बीच बेहतर समन्वय और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दे रहा है.