JPSC-JSSC आंदोलन में बढ़ा तनाव, छात्रों के पथराव में पुलिसकर्मी घायल, अस्पताल रेफर

JPSC-JSSC आंदोलन में बढ़ा तनाव, छात्रों के पथराव में पुलिसकर्मी घायल, अस्पताल रेफर

रांची (RANCHI): JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में विधानसभा घेराव कर रहे छात्रों का आंदोलन लगातार बढ़ता जा रहा है. सोमवार को प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई, जब प्रदर्शनकारी छात्रों की ओर से पुलिस बल पर पथराव किए जाने की घटना सामने आई. इस बीच पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया. घायल पुलिसकर्मी को तत्काल मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर तनाव और बढ़ गया है. बड़ी संख्या में छात्र लगातार विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन उन्हें रोकने में जुटे हैं. मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

इससे पहले भी छात्रों के विधानसभा मार्च को रोकने के लिए पुलिस की ओर से कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई थी. प्रदर्शनकारी छात्रों ने लगातार बैरिकेडिंग पार करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया. छात्रों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया. इसके बावजूद छात्रों का आंदोलन थमता नजर नहीं आ रहा है. प्रदर्शनकारियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अलग-अलग समूह विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस की ओर से लगातार छात्रों को रोकने और स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं, प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है.

JPSC-JSSC विवाद को लेकर छात्रों का यह आंदोलन अब लगातार बड़ा रूप लेता जा रहा है. छात्र कथित पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. दूसरी ओर, सरकार की ओर से छात्रों के साथ बातचीत के जरिए समाधान निकालने की बात कही गई है और विधानसभा में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सरकार का पक्ष भी रख चुके हैं. वहीं, BJP और NDA भी छात्रों के समर्थन में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में सड़क पर बढ़ता छात्र आंदोलन, पुलिस के साथ टकराव और विधानसभा में जारी सियासी घमासान के बीच JPSC-JSSC विवाद लगातार गंभीर होता जा रहा है.