अंतर विद्यालयी हिंदी प्रतियोगिता में कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी के छात्रों ने जीते दो पुरस्कार
कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी के विद्यार्थियों ने अंतर विद्यालयी हिंदी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया है. प्रतियोगिता में स्कूल के विद्यार्थियों ने दो पुरस्कार अपने नाम किए. इसमें कक्षा 12वीं की आकृति सिन्हा ने आशुभाषण प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया.
रांची (RANCHI): कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी के विद्यार्थियों ने अंतर विद्यालयी हिंदी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया है. प्रतियोगिता में स्कूल के विद्यार्थियों ने दो पुरस्कार अपने नाम किए. इसमें कक्षा 12वीं की आकृति सिन्हा ने आशुभाषण प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा 9वीं के रुद्र नारायण पांडे को एकल अभिनय प्रतियोगिता में तीसरा पुरस्कार मिला.
दो दिवसीय प्रतियोगिता में दिखाया हुनर
यह प्रतियोगिता 13 और 14 अक्टूबर को रांची के CCL क्लब में आयोजित की गई थी. इसका आयोजन DAV पब्लिक स्कूल, गांधी नगर और के CCL के राजभाषा विभाग ने संयुक्त रूप से किया था. इसमें अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई.
आकृति सिन्हा ने आशुभाषण प्रतियोगिता में अपने आत्मविश्वास, अच्छी भाषा और प्रभावशाली बोलने के अंदाज से निर्णायकों को प्रभावित किया. वहीं, रुद्र नारायण पांडे ने एकल अभिनय में अपने अभिनय, संवाद अदायगी और भावों की अच्छी प्रस्तुति से तीसरा स्थान हासिल किया.
दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है. शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन ने भी उनकी मेहनत और लगन की सराहना की.

प्राचार्या ने दी बधाई
स्कूल की प्राचार्या प्रियमदा झा ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि लगातार मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन से सफलता हासिल की जा सकती है. उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक और दूसरी गतिविधियों में हिस्सा लेना भी विद्यार्थियों के विकास के लिए जरूरी है.प्राचार्या ने दोनों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बाकी छात्रों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए आगे आने को कहा.
वहीं, स्कूल के निदेशक मिथिलेश कुमार मिश्रा ने भी इस सफलता पर खुशी जताई. उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ उन्हें तैयार करने वाले शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की. स्कूल प्रबंधन का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलता है.