रांची (RANCHI): JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है. ताजा अपडेट के मुताबिक प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस की आठवीं बैरिकेडिंग भी तोड़ दी है और अब विधानसभा की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं. छात्रों को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई है. पुलिस ने छात्रों को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है. साथ ही पुलिस और प्रशासन की ओर से छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और आगे नहीं बढ़ने की अपील की जा रही है. मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
आठवीं बैरिकेडिंग पार करने के बाद छात्रों का बड़ा समूह अब अलग-अलग टुकड़ियों में बंट गया है. कुछ छात्र लगातार विधानसभा की ओर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश में जुटी है. प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को निर्धारित स्थान पर रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है. छात्रों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद है और लगातार स्थिति का जायजा ले रही है. प्रदर्शन के कारण आसपास के इलाकों में भी हलचल बढ़ गई है.
वहीं, छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान प्रशासन की ओर से निगरानी भी बढ़ा दी गई है. ड्रोन कैमरों के जरिए प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. पुलिस की कोशिश है कि प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ें और स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो. दूसरी ओर, छात्र JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितताओं और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. फिलहाल आठवीं बैरिकेडिंग टूटने और वाटर कैनन के इस्तेमाल के बाद विधानसभा के आसपास तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और सभी की नजर आगे की स्थिति पर टिकी है.

