छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का बड़ा बयान! बोले- सोशल मीडिया पर भ्रम फैला रहे विरोधी
देवेंद्र नाथ महतो ने सोशल मीडिया प्रोफाइल में गलत जानकारी वायरल किए जाने पर नाराजगी जताई. उन्होंने इसे भ्रामक बताते हुए समर्थकों से बिना पुष्टि के जानकारी साझा न करने की अपील की.
रांची (RANCHI): झारखंड में जारी राजनीतिक हलचल के बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) एक बार फिर चर्चा का विषय में है. संगठन के छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सोशल मीडिया पर उनके आधिकारिक फेसबुक अकाउंट की प्रोफाइल को एडिट कर गलत जानकारी वायरल किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है. उन्होंने वायरल की जा रही जानकारी को पूरी तरह भ्रामक और मनगढ़ंत बताते हुए स्पष्ट किया कि उनके पदनाम और प्रोफाइल से जुड़ी डिटेल्स में बदलाव कर सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाई जा रही है. उन्होंने लोगों से ऐसी भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने की अपील की.
भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके अकाउंट से संबंधित जो जानकारी वायरल की जा रही है, उसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष टाईगर जयराम महतो के साथ अपने संबंधों और लगातार हो रही बातचीत का भी जिक्र किया. देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि वह झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सिपाही हैं और केंद्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देश के अनुसार ही पूरे राज्य में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा संचालित की जा रही है. उन्होंने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी स्पष्ट की.
देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के बढ़ते जनाधार से विरोधी घबराए हुए हैं और इसी वजह से सोशल मीडिया के जरिए लगातार भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि गलत सूचनाओं और भ्रामक प्रचार के बावजूद संगठन की एकता मजबूत बनी रहेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली किसी भी जानकारी को बिना पुष्टि किए आगे साझा नहीं करने की अपील की. देवेंद्र नाथ महतो ने भरोसा जताया कि संगठन के कार्यकर्ता एकजुट होकर अपने अभियान को आगे बढ़ाते रहेंगे और भर्ती व्यवस्था में सुधार समेत जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे.