झारखंड विधानसभा में गरमाया छात्रों का मुद्दा, जयराम महतो बोले-अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं छात्र
झारखंड विधानसभा में छात्रों के आंदोलन का मुद्दा गरमा गया है. डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि छात्र अपने हक और भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं. उन्होंने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की बात कही.
रांची (RANCHI):झारखंड में इन दिनों छात्रों का मुद्दा लगातार गरमाया हुआ है. एक तरफ जहां छात्र पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र भी चल रहा है. विधानसभा के अंदर भी छात्रों की मांगों और उनके आंदोलन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है.छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं और सरकार से न्याय की मांग कर रहे हैं. वहीं, इस मुद्दे को लेकर विधानसभा में भी आवाज उठाई जा रही है. इसी बीच डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि छात्र अपने हक और भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को समझने के बजाय उन्हें आतंकवादी और उग्रवादी साबित करने में लगी हुई है.
जयराम महतो बोले, अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं छात्र
जयराम महतो ने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्र इसी राज्य के बच्चे हैं और उन्हें उनका हक और न्याय मिलना चाहिए. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय अपने पक्ष को बचाने में लगी हुई है. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की जरूरत है.
आखिर कब तक छात्रों की आवाज को दबाया जाता रहेगा-जयराम
जयराम महतो ने यह भी कहा कि
बीजेपी के विधायकों को हिरासत में लिया गया है.अब वह अकेले ही विधानसभा में छात्रों के इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाने का काम करेंगे. क्योंकि यह सिर्फ आज के आंदोलन का सवाल नहीं है, बल्कि हजारों छात्रों के भविष्य का सवाल है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कब तक छात्रों की आवाज को दबाया जाता रहेगा और उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जाएगा.