रांची(RANCHI): विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर रांची में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जनसंख्या को बोझ नहीं बल्कि राज्य की ताकत और जनशक्ति के रूप में देखने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर देकर झारखंड की बड़ी आबादी को विकास की ताकत बनाया जा सकता है.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड एक युवा राज्य है और यहां बड़ी संख्या में युवा आबादी मौजूद है. युवाओं को सही दिशा, अच्छी शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलेंगे तो वे राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
डॉ. अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार मातृ और शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है. राज्य के सभी जिलों में अत्याधुनिक मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल विकसित किए जाएंगे. इन अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा, सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं की देखभाल और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य मातृ और शिशु मृत्यु दर को कम करना और हर महिला को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही परिवार कल्याण का मतलब सिर्फ जनसंख्या नियंत्रण नहीं बल्कि हर परिवार को स्वस्थ, शिक्षित और सुरक्षित बनाना है.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखड में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों का विस्तार, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं पर लगातार काम किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और तकनीक के विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर भी तैयार होंगे.
विश्व जनसंख्या दिवस पर डॉ. अंसारी ने लोगों से अपील की कि वे स्वस्थ परिवार की अवधारणा अपनाएं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाएं. कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
