FIFA World Cup: मेसी, रोनाल्डो और एम्बाप्पे के दीवाने रांची के युवा, बोले- अगली बार भारत भी खेलेगा वर्ल्ड कप

FIFA World Cup: मेसी, रोनाल्डो और एम्बाप्पे के दीवाने रांची के युवा, बोले- अगली बार भारत भी खेलेगा वर्ल्ड कप

रांची डेस्क(RANCHI DESK): फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है और दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें इस बड़े टूर्नामेंट पर टिकी हुई हैं. भारत में भी फुटबॉल प्रेमियों के बीच विश्व कप को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में द न्यूज़ पोस्ट की टीम ने राजधानी रांची के युवाओं से बातचीत की और जाना कि वे इस बार के फीफा वर्ल्ड कप को लेकर क्या सोचते हैं.

बातचीत के दौरान युवाओं ने बताया कि वे विश्व कप का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और अब टूर्नामेंट शुरू होने के बाद काफी उत्साहित हैं. कई युवाओं ने अपनी पसंदीदा टीमों और खिलाड़ियों के बारे में भी खुलकर बात की. कुछ युवाओं ने पुर्तगाल का समर्थन करते हुए क्रिस्टियानो रोनाल्डो को अपना पसंदीदा खिलाड़ी बताया. वहीं कई युवा अर्जेंटीना और लियोनेल मेसी के प्रशंसक नजर आए. कुछ ने स्पेन को अपना पसंदीदा देश बताया, जबकि कई युवाओं ने फ्रांस और किलियन एम्बाप्पे के प्रति अपना समर्थन जताया.

युवाओं का कहना है कि इस बार विश्व कप में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे प्रतियोगिता पहले से ज्यादा रोमांचक हो गई है. उनका मानना है कि अधिक टीमों के शामिल होने से दुनिया के कई नए देशों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भारतीय फुटबॉल टीम भी विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेगी और दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेगी.

रांची के युवाओं ने भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी सुनील छेत्री का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सुनील छेत्री ने भारतीय फुटबॉल को नई पहचान दिलाई है और उनके संघर्ष तथा उपलब्धियां युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं. कई युवाओं ने बताया कि वे सुनील छेत्री को अपना आदर्श मानते हैं और उनसे प्रेरित होकर फुटबॉल खेलते हैं.

बातचीत के दौरान युवाओं ने यह भी बताया कि वे स्कूल और जोनल स्तर की प्रतियोगिताओं में फुटबॉल खेल चुके हैं. उनका कहना है कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और उचित मार्गदर्शन की जरूरत है. युवाओं का मानना है कि यदि उन्हें सही अवसर और पर्याप्त सहयोग मिले तो वे भविष्य में भारतीय फुटबॉल टीम का हिस्सा बनकर देश का नाम रोशन कर सकते हैं.

फीफा वर्ल्ड कप के बहाने रांची के युवाओं में फुटबॉल के प्रति जुनून और देश के लिए खेलने का सपना साफ तौर पर देखने को मिला. यह उत्साह बताता है कि भारत में फुटबॉल का भविष्य लगातार मजबूत हो रहा है.