आज से विशेष पल्स पोलियो अभियान शुरू, 61 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो ड्रॉप

आज से विशेष पल्स पोलियो अभियान शुरू, 61 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो ड्रॉप

रांची (RANCHI): राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत झारखंड में रविवार 28 जून से तीन दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत हो गई है. यह अभियान 28 से 30 जून तक पूरे राज्य में चलाया जाएगा, जिसके तहत 5 वर्ष से कम आयु के लगभग 61.26 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा (ओरल पोलियो वैक्सीन) पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं और राज्यभर में 24,507 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं. विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके.

अभियान के पहले दिन यानी रविवार को सभी निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी. वहीं, दूसरे और तीसरे दिन 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे. स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि भारत वर्ष 2011 से वाइल्ड पोलियो वायरस मुक्त घोषित किया जा चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अब भी पोलियो वायरस मौजूद है. ऐसे में भारत में इस बीमारी की दोबारा वापसी को रोकने के लिए नियमित टीकाकरण और विशेष अभियान बेहद जरूरी हैं.

आपको बता दें, श्रावणी मेले और राष्ट्रीय अभियान को ध्यान में रखते हुए रांची जिला प्रशासन ने भी विशेष तैयारी की है. जिले में 5 वर्ष से कम आयु के 5,05,524 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए जिले में 3,893 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं, जहां 7,786 स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है. अभियान की निगरानी के लिए 571 सुपरवाइजर और अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहिया दीदी, पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह और ग्राम स्तरीय संगठन भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे. स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे.