रांची में बच्चों के गायब होने का सिलसिला जारी, मौसीबाड़ी से 15 वर्षीय किशोरी लापता

रांची में बच्चों के गायब होने का सिलसिला जारी, मौसीबाड़ी से 15 वर्षीय किशोरी लापता

रांची (RANCHI): राजधानी रांची का जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित मौसीबाड़ी इलाका इन दिनों बच्चों और किशोरों के रहस्यमय ढंग से लापता होने की घटनाओं को लेकर चर्चा में है. ताजा मामले में 15 वर्षीय किशोरी ग्रेशु कुमारी अचानक लापता हो गई है, जिससे परिवार और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है.

परिजनों के अनुसार, ग्रेशु सोमवार दोपहर करीब 2 बजे घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी. परिवार ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया. इसके बाद परिजनों ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को भी ग्रेशु के बारे में कोई जानकारी मिले तो वे तत्काल 8969859680 पर संपर्क करें.

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में इसी क्षेत्र से तीन किशोरों के एक साथ गायब होने का मामला भी सुर्खियों में रहा था. पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि तीनों बच्चे अपनी मर्जी से ओडिशा के पुरी घूमने निकल गए थे. हालांकि पुलिस ने उनमें से एक बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश अभी भी जारी है.

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने इलाके के अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों और किशोरों के अचानक घर छोड़कर चले जाने या लापता होने के मामलों की गहन जांच होनी चाहिए, ताकि इसके पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके.

इधर, क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. उनका कहना है कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संवेदनशील इलाकों में निगरानी तंत्र को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके. फिलहाल परिवार को ग्रेशु के सुरक्षित घर लौटने का इंतजार है, जबकि पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए हैं.