बेटा बना हैवान! पति-पत्नी के विवाद के दौरान बेटे ने मां को कुल्हाड़ी से काटा, जानिए पूरा मामला

बेटा बना हैवान! पति-पत्नी के विवाद के दौरान बेटे ने मां को कुल्हाड़ी से काटा, जानिए पूरा मामला

रांची (RANCHI): झारखंड के रांची जिले के राहे थाना क्षेत्र के चुतरुडीह गांव में एक बेटे पर अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है. वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है. मृतका की पहचान चुतरुडीह गांव निवासी भोला देवी के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनके लगभग 45 वर्षीय बेटे नंदलाल महतो ने गुस्से में आकर उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण भोला देवी की मौके पर ही मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि आरोपी नंदलाल महतो का अपनी पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था. घटना वाले दिन भी घर में पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. इसी दौरान आरोपी अपने बच्चों के साथ भी कथित तौर पर हिंसक व्यवहार कर रहा था. घर में बढ़ते विवाद को शांत कराने के लिए मां भोला देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं. इसी दौरान उनकी बेटे से बहस हो गई. आरोप है कि गुस्से में बेकाबू नंदलाल ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपनी मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में भोला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही राहे थाना प्रभारी अभिषेक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है. घरेलू विवाद, पारिवारिक तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू की पड़ताल की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के हिंसक रूप लेने की गंभीर चिंता को सामने ला दिया है. जिस मां ने बेटे का पालन-पोषण किया, उसी की कथित तौर पर उसके हाथों हुई मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरे सदमे में हैं.