रांची में स्नैचरों का आतंक, 3 दिनों में एक दर्जन से ज्यादा लोगों से हुई चेन छिनतई
रांची में बाइक सवार स्नैचरों ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है. पिछले तीन दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में एक दर्जन से ज्यादा चेन छिनतई की घटनाएं सामने आई हैं. अपराधी खासकर सुबह और शाम बाहर निकलने वाली महिलाओं को निशाना बना रहे हैं. पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है.
रांची (RANCHI): राजधानी रांची में बाइक सवार स्नैचरों की लगातार हो रही वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. पिछले तीन दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में एक दर्जन से ज्यादा लोगों से चेन छिनतई की घटनाएं सामने आई हैं. बदमाश सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों से लेकर बाजार जा रहे लोगों तक को निशाना बना रहे हैं. कई मामलों में वारदात का तरीका भी लगभग एक जैसा है. बाइक पर दो अपराधी आते हैं, कुछ देर तक शिकार का पीछा करते हैं और मौका मिलते ही गले से चेन झपटकर फरार हो जाते हैं.
मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से तीन लाख की चेन छीनी
नगड़ा टोली इलाके में देवी मंडप के पास शनिवार सुबह बाइक सवार अपराधियों ने 60 वर्षीय महिला को निशाना बनाया. महिला रोज की तरह सुबह करीब साढ़े छह बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर भाग निकले.
छीनी गई चेन की कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई गई है. इस मामले में स्प्रिंग वैली, फेज-वन नगड़ा टोली निवासी देशलाल राम ने लालपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी कलावती देवी के साथ यह घटना हुई.

अरगोड़ा में बुजुर्ग के गले से चेन झपटी
अरगोड़ा थाना क्षेत्र में भी बाइक सवार अपराधियों ने 63 वर्षीय अजीत कुमार राय को निशाना बनाया. घटना 11 सितंबर की सुबह करीब 8.13 बजे की बताई गई है.
अजीत कुमार राय सब्जी लेने के लिए कडरू जा रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक सामने से आए और उनके गले से करीब 15 से 16 ग्राम की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. घटना जानकी स्टील के पास हुई. इस मामले में अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
हेलमेट लगाकर बाइक चला रहा था एक अपराधी
अरगोड़ा की घटना में अपराधियों के हुलिए को लेकर भी पुलिस को जानकारी दी गई है. बताया गया है कि बाइक चलाने वाले युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर दोनों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
कई इलाकों में सामने आ चुकी हैं वारदातें
इससे पहले बरियातू के सरहुल नगर में बच्चे को स्कूल बस में बैठाकर लौट रही महिला से चेन छीनने की घटना सामने आई थी. डंगराटोली में भी एक महिला को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया था. वहीं पंडरा इलाके में मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला से चेन झपटने की घटना हुई थी.
मोरहाबादी इलाके में कार साफ कर रहे एक व्यक्ति और जयपाल सिंह स्टेडियम से लौट रहे दंपती को भी बाइक सवार अपराधियों ने निशाना बनाया था.
CCTV के सहारे स्नैचरों की तलाश
लगातार हो रही घटनाओं के बाद अलग-अलग थानों की पुलिस मामले की जांच में जुटी है. घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस बाइक और अपराधियों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है.
तीन दिनों में एक दर्जन से ज्यादा छिनतई की घटनाओं ने राजधानी में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर सुबह के समय एक के बाद एक वारदात सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ी है.