रांची(RANCHI):राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के पेंशनधारियों को अप्रैल से जुलाई 2026 तक की चार महीने की पेंशन राशि जारी कर दी गई है.जिला प्रशासन ने प्रथम चरण में 1 लाख 59 हजार 358 लाभुकों के बैंक खातों में ₹63 करोड़ 74 लाख 32 हजार की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी है. प्रत्येक लाभुक को चार महीने की पेंशन के रूप में ₹4,000 प्राप्त हुए हैं.
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर यह भुगतान किया गया.जिला प्रशासन के अनुसार अनगड़ा, चान्हो, तमाड़ और शहर अंचल के लाभुकों का पेंशन भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है और जल्द ही उनके खातों में भी राशि भेजी जाएगी.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के बैंक खाते में अब तक पेंशन की राशि नहीं पहुंची है, वे अपने बैंक खाते को आधार से सीड कराएं. साथ ही संबंधित प्रखंड या अंचल कार्यालय में जाकर भौतिक सत्यापन भी अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए.
रांची जिले में सबसे अधिक लाभुक मांडर (13,953), कांके (13,201) और सिल्ली (12,952) प्रखंड में हैं, जबकि बेड़ो, सोनाहातू और बुढ़मू में भी बड़ी संख्या में लाभुकों को पेंशन का लाभ मिला है.
जिला प्रशासन ने लाभुकों से अपील की है कि आधार सीडिंग और भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी करें, ताकि सर्वजन पेंशन योजना का लाभ लगातार मिलता रहे.

