SIR 2026: झारखंड में 6.32 लाख से ज्यादा Form-6 आवेदन, दावा-आपत्ति के लिए अब सिर्फ 2 दिन

झारखंड SIR के तहत 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका है. अब तक Form-6 के 6.32 लाख से ज्यादा आवेदन मिले हैं, जबकि फाइनल वोटर लिस्ट 19 अक्टूबर को जारी होगी.

SIR 2026: झारखंड में 6.32 लाख से ज्यादा Form-6 आवेदन, दावा-आपत्ति के लिए अब सिर्फ 2 दिन

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR को लेकर अभियान अब अपने अंतिम चरण में है. ऐसे में दावा-आपत्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है. अब मतदाताओं के लिए सिर्फ 2 दिन का समय बच गया है. बता दें, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की 29 सितंबर 2026 की बुलेटिन के अनुसार, 28 सितंबर तक फॉर्म-6 के जरिए कुल 6,32,124 आवेदन प्राप्त हुए हैं. अकेले 28 सितंबर को 10,225 आवेदन जमा किए गए. वहीं, फॉर्म-6A के माध्यम से कुल 104 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 28 सितंबर को 2 आवेदन शामिल हैं. मतदाता सूची में नाम जोड़ने और अन्य संबंधित प्रक्रियाओं के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आने से दावा-आपत्ति अवधि के दौरान प्रक्रिया तेज बनी हुई है.

फॉर्म-7 के जरिए अब तक कुल 11,732 आवेदन और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं. इनमें 28 सितंबर को 533 आवेदन शामिल हैं. इसी तरह फॉर्म-8 के माध्यम से कुल 4,27,473 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि अकेले 28 सितंबर को 9,309 आवेदन जमा किए गए. फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के आंकड़े बताते हैं कि मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियों और सुधार के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन सामने आए हैं. निर्वाचन कार्यालय की ओर से प्राप्त सभी आवेदनों और आपत्तियों की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत आगे बढ़ाई जा रही है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, SIR के तहत दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. इसके बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी. वहीं, झारखंड की अंतिम मतदाता सूची (Final Roll) 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी. ऐसे मतदाता जिन्हें सूची में नाम, विवरण या अन्य किसी प्रकार की त्रुटि को लेकर दावा या आपत्ति दर्ज करनी है, उनके लिए 30 सितंबर तक आवेदन करने का अवसर है. निर्वाचन प्रक्रिया के तहत संबंधित आवेदन निर्धारित फॉर्म के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं.