झारखंड में SIR का बढ़ा समय, 30 नवंबर को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट, चुनाव आयोग ने जारी किया नया शेड्यूल
झारखंड में SIR की प्रक्रिया के लिए चुनाव आयोग ने संशोधित टाइम्टैबल जारी कर दी है.1 अक्टूबर 2026 को क्वालिफाइंग डेट मानकर चल रहे इस SIR के लिए समय-सीमा बढ़ाई गई है.
रांची(RANCHI): झारखंड में SIR की प्रक्रिया के लिए चुनाव आयोग ने संशोधित टाइम्टैबल जारी कर दी है.1 अक्टूबर 2026 को क्वालिफाइंग डेट मानकर चल रहे इस SIR के लिए समय-सीमा बढ़ाई गई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव के कार्यालय की ओर से 8 अक्टूबर को सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किया गया है.
नए शेड्यूल के मुताबिक पहले और दूसरे नोटिस से जुड़े नॉन-मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी मामलों का निपटारा 22 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है. वहीं दूसरे नोटिस और BLO के घर-घर सत्यापन के बाद भी स्वीकार्य दस्तावेज जमा नहीं करने वाले मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी करनी होगी. इसी तारीख तक नॉन-नोटिस के सभी मामलों का भी निपटारा किया जाना है.
31 अक्टूबर तक दावों और आपत्तियों का डिजिटाइजेशन
निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम में फॉर्म-6, 6A, 7 और 8 से जुड़े सभी दावों और आपत्तियों के डिजिटाइजेशन की समय-सीमा भी 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है. इसके बाद 1 नवंबर से 12 नवंबर तक उन पात्र नागरिकों का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है. इस दौरान फॉर्म-6 का डिजिटाइजेशन भी किया जाएगा. इसके बाद 1 नवंबर से 21 नवंबर तक जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रोल ऑब्जर्वर और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी स्तर से निपटाए गए नोटिस की जांच और सुपर चेकिंग होगी. इसी अवधि में मतदाता सूची से संबंधित रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जाएगी.

23 नवंबर तक दावों-आपत्तियों का निपटारा
1 नवंबर से 23 नवंबर तक नॉशनल हाउस नंबर, नजरी नक्शा, की मैप, गूगल मैप और मतदान केंद्रों की तस्वीरों को ECINET में अपडेट करने का काम भी किया जाएगा. वहीं सभी दावों और आपत्तियों का अंतिम निपटारा 23 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
इसके बाद 24 नवंबर से 29 नवंबर तक मतदाता सूची के स्वास्थ्य मानकों की जांच की जाएगी. आयोग से अंतिम प्रकाशन और मतदाता सूची की छपाई की अनुमति मिलने के बाद 30 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची पब्लिश की जाएगी.