झारखंड में SIR तेज! अब तक 75.19% मतदाताओं की मैपिंग पूरी, बीएलओ 15 जून तक करेंगे काम

झारखंड में SIR तेज! अब तक 75.19% मतदाताओं की मैपिंग पूरी, बीएलओ 15 जून तक करेंगे काम

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR को लेकर राजनीतिक साढ़गर्मी तेज है. इसी को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कई जानकारी साझा की जहां राज्य में मतदाता सूची के आगामी SIR से पहले मतदाताओं की मैपिंग की प्रक्रिया पूरी तेज़ी से चल रहा है. आपको बता दें, इस अभियान को गति तब मिली जब 23 मई को अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची को सभी मतदान केंद्रों के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर सर्चेबल फॉर्मेट में सार्वजनिक किया गया. वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक कुल 75.19 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा यह कार्य आगामी 15 जून तक निरंतर जारी रहेगा.

निर्वाचन विभाग के अनुसार, वर्तमान में राज्य के भीतर मैप्ड मतदाताओं की कुल संख्या 1,99,15,463 तक पहुंच गई है. विशेष बात यह है कि 23 मई को अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित होने के बाद महज एक सप्ताह के भीतर ही रिकॉर्ड 5,14,546 नए मतदाताओं की मैपिंग पूरी की गई है. जिन मतदाताओं का नाम अभी तक मैप्ड नहीं हो पाया है, वे स्वेच्छा से अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क साध रहे हैं और पिछले गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची के आधार पर अपने विवरण को अपडेट करवा रहे हैं, जिससे इस पूरी प्रक्रिया में अभूतपूर्व तेजी देखने को मिल रही है.

इस महत्वपूर्ण अभियान की गति को और बढ़ाने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने एक विशेष समीक्षा रणनीति तैयार की है. श्री के. रवि कुमार ने बताया कि जिन बीएलओ क्षेत्रों में मैपिंग की रफ्तार धीमी पाई गई है, वहां के अधिकारियों के क्षमता संवर्धन (ट्रेनिंग और रिसोर्स) के लिए मंगलवार को सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में जमीनी स्तर पर बीएलओ को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की बिंदुवार समीक्षा की जाएगी, ताकि आ रही तकनीकी या प्रशासनिक बाधाओं को समय रहते दूर कर 15 जून तक के लक्ष्य को हासिल किया जा सके.