रांची (RANCHI): रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित संग्रामपुर गांव के एक प्राचीन शिव मंदिर में रविवार सुबह शिवलिंग क्षतिग्रस्त मिलने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंच गए. लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली हैं, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सुबह श्रद्धालु पूजा करने मंदिर पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर पड़ी, जो क्षतिग्रस्त अवस्था में था. देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी. सूचना मिलने के बाद कांके थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान की जा सके.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है तथा भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

