शर्मनाक! 9 साल की बच्ची से मुंहबोले चाचा ने की दरिंदगी, जंगल में ले जाकर वारदात को दिया अंजाम

रांची के तमाड़ में नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप. परिवार के परिचित व्यक्ति पर जंगल में वारदात को अंजाम देने का आरोप है. पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.

शर्मनाक! 9 साल की बच्ची से मुंहबोले चाचा ने की दरिंदगी, जंगल में ले जाकर वारदात को दिया अंजाम

रांची (RANCHI): राजधानी के तमाड़ थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. यहां नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप उसके ही परिवार के परिचित व्यक्ति पर लगा है, जिसे बच्ची का मुंहबोला चाचा बताया जा रहा है. आरोप है कि आरोपी बच्ची को बहाने से अपने साथ ले गया और जंगल में उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची के पिता ने तमाड़ थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी का बच्ची के परिवार के घर आना-जाना था. सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह बच्ची के पिता के पास पहुंचा और चावल पहुंचाने की बात कहते हुए उनसे स्कूटी मांगी. इसके बाद आरोपी बच्ची को भी स्कूटी पर बैठाकर अपने साथ ले गया. आरोप है कि वह बच्ची को लेकर जंगल पहुंचा, जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. कथित वारदात के बाद आरोपी बच्ची को स्कूटी से घर वापस छोड़ गया. इस दौरान बच्ची के कपड़ों पर गंदगी देखकर पिता ने उससे पूछा कि कहीं वह स्कूटी से गिर तो नहीं गई. पिता के सवाल पर बच्ची रोने लगी और अपने साथ हुई आपबीती बताई. 

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया. हालांकि, वह अपनी स्कूटी खड़ी कर मौके से फरार हो गया. बच्ची के पिता ने भी उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी को पकड़ने में सफलता नहीं मिली. इसके बाद माता-पिता बच्ची को लेकर तमाड़ थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी.

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने बताया कि सोमवार को पुलिस को घटना की सूचना मिली है. इस संबंध में लिखित आवेदन भी प्राप्त हुआ है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. बच्ची की सुरक्षा और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी.