रांची से लापता जुड़वां भाई करण-अर्जुन की तलाश तेज, सूचना देने वाले को मिलेगा ₹50 हजार का इनाम

रांची से लापता जुड़वां भाई करण-अर्जुन की तलाश तेज, सूचना देने वाले को मिलेगा ₹50 हजार का इनाम

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए दो जुड़वां भाइयों की तलाश में पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है. बच्चों के संबंध में कोई भी ठोस जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की गई है. पुलिस और परिजन पिछले कई दिनों से दोनों बच्चों की तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

जानकारी के अनुसार, धुर्वा थाना क्षेत्र के शालीमार बाजार निवासी विकास शर्मा के 12 वर्षीय जुड़वां बेटे करण शर्मा और अर्जुन शर्मा बीते 1 जून से लापता हैं. बच्चों के अचानक गायब होने के बाद परिवार ने धुर्वा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कांड संख्या 118/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चों को आखिरी बार 3 जून 2026 को हटिया रेलवे स्टेशन के बाहर देखा गया था. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है. बच्चों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर सूचना प्रसारित की जा रही है और आसपास के इलाकों में भी जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, दोनों बच्चों का रंग सांवला, चेहरा गोल तथा लंबाई करीब 3.75 फीट है. लापता होने के समय उन्होंने नीले रंग की हाफ स्लीव टी-शर्ट, नीली जींस और फैंसी चप्पल पहन रखी थी.

रांची पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को करण शर्मा और अर्जुन शर्मा के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है, तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. साथ ही विश्वसनीय सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि बच्चों की सुरक्षित बरामदगी उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.