‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ के नाम से जाना जाएगा रांची का हरमू चौक, लगा बोर्ड
राजधानी रांची का चर्चित हरमू चौक बुधवार को एक नए नाम के साथ नजर आया. भाजपा ने हरमू चौक पर ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ नाम का बोर्ड लगाया. इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रांची (RANCHI): राजधानी रांची का चर्चित हरमू चौक बुधवार यानी कि आज से एक नए नाम के साथ नजर आएगा. भाजपा ने हरमू चौक पर ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ नाम का बोर्ड लगाया है. इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे. गौर करने वाली बात है की इस मुख्य चौराहे को लोग शहीद जनरल वैद्य चौक के जानते थे, जो पूर्व थलसेना अध्यक्ष भी थे और उनकी हत्या 10 अगस्त 1986 को पुणे में खालिस्तानी आतंकवादियों द्वारा की गई थी. ऐसे में अब भाजपा की प्रदेश इकाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर चौक का नया नामकरण किया है.

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि देश के हर नागरिक का सपना भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में देखना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ रांचीवासियों को विकसित भारत के संकल्प की लगातार याद दिलाता रहेगा. वहीं, रांची की महापौर रौशनी खलको ने कहा कि चौक के नामकरण को लेकर सभी की सहमति है. उन्होंने बताया कि नामकरण से जुड़ी बाकी विभागीय प्रक्रियाएं भी जल्द पूरी कर ली जाएंगी.