आज जारी होगी रांची की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, नाम और पता जरूर करें चेक

आज जारी होगी रांची की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, नाम और पता जरूर करें चेक

RANCHI:भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत मंगलवार को रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी किया जाएगा. इस प्रक्रिया का उद्देश्य अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले सभी प्रविष्टियों का सत्यापन करना और संभावित त्रुटियों को समय रहते ठीक करना है.

जिला प्रशासन के अनुसार, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के प्रकाशन के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर बीएलओ मौजूद रहेंगे. बीएलओ मतदाताओं को सूची से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराएंगे और यदि किसी मतदाता को अपने विवरण में कोई गलती दिखाई देती है तो उसे सुधार की प्रक्रिया के बारे में भी मार्गदर्शन देंगे.

प्रशासन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु, लिंग और अन्य व्यक्तिगत विवरण का सावधानीपूर्वक मिलान करें. यदि किसी व्यक्ति का नाम सूची से छूट गया हो, किसी जानकारी में त्रुटि हो या किसी अन्य प्रकार की विसंगति दिखाई दे, तो निर्धारित नियमों के अनुसार दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है. इससे अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले आवश्यक संशोधन किए जा सकेंगे.

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के साथ मतदान केंद्रों पर एएसडीडी अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी सार्वजनिक की जाएगी. इस सूची का उद्देश्य ऐसे नामों की पहचान करना है, जिनकी दोबारा जांच या सत्यापन की आवश्यकता है. इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी.

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि निष्पक्ष और त्रुटिरहित चुनाव प्रक्रिया के लिए सही मतदाता सूची का होना बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने मतदान केंद्र पर जाकर सूची का सत्यापन अवश्य करें. उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही एक पारदर्शी, अद्यतन और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है, जो आगामी चुनावों के सफल और निष्पक्ष संचालन में अहम भूमिका निभाएगी.