रांची (Ranchi): भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत रांची जिले की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है. इसके साथ ही मतदाताओं के लिए अपने नाम, पता और अन्य जानकारी की जांच करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. अगर किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है, पता या दूसरी जानकारी गलत दर्ज है, तो वह तय समय के भीतर दावा और आपत्ति दर्ज कराकर उसमें सुधार करा सकता है. जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना देर किए वोटर लिस्ट में अपना और अपने परिवार के सभी योग्य सदस्यों का नाम जरूर जांच लें.
ऑनलाइन और बूथ दोनों जगह कर सकते हैं जांच
मतदाता अपने नाम की जांच ऑनलाइन भी कर सकते हैं. इसके अलावा अपने संबंधित मतदान केंद्र (बूथ) पर जाकर भी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट देख सकते हैं. प्रशासन ने लोगों से समय रहते अपने नाम और अन्य विवरण की जांच करने की अपील की है, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
अपने नाम की जांच करने के लिए यहां क्लिक करें:
https://share.google/ZxReJFednpnB68br3
उपायुक्त ने मतदाताओं से की अपील
रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि वोटर लिस्ट लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे अहम कड़ी है. इसलिए हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सही और अपडेट होना जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे सिर्फ अपना ही नहीं, बल्कि अपने परिवार के सभी योग्य सदस्यों का नाम भी जरूर जांचें. अगर किसी तरह की गलती मिले या नाम छूट गया हो, तो तय समय के भीतर सुधार के लिए आवेदन करें.
अधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश
उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्देश दिया है कि वे मतदाताओं की हर संभव मदद करें. साथ ही दावा और आपत्ति से जुड़े सभी आवेदनों का नियम के अनुसार समय पर निपटारा सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए.
