रांची : थाने में रंगबाज़ी का रील बना रहा था युवक, वर्दी वालों ने निकाल दी हेकड़ी, देखें वीडियो

रांची (RANCHI): सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने की चाह कई युवाओं को ऐसी गलती करा रही है, जिसका खामियाजा उन्हें कानून के सामने भुगतना पड़ रहा है. रांची के चुटिया थाना परिसर में बिना अनुमति रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करना एक युवक को महंगा पड़ गया. पुलिस की नजर जैसे ही वीडियो पर पड़ी, युवक की सारी हेकड़ी मिनटों में उतर गई. जिस युवक ने एटीट्यूड दिखाते हुए रील बनाई थी, उसे बाद में उसी थाने में हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी.

थाना परिसर में बनाई थी रील, सोशल मीडिया पर कर दिया पोस्ट

जानकारी के मुताबिक, साहिल महतो नामक युवक ने रांची के चुटिया थाना परिसर के अंदर पंजाबी गाने पर एक रील शूट की और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया. वीडियो में वह दबंग अंदाज में नजर आ रहा था. कुछ ही समय में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और मंगलवार को पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच गया. पुलिस ने इसे थाना परिसर की गरिमा और कार्यप्रणाली को प्रभावित करने वाला मामला मानते हुए तत्काल कार्रवाई की. बिना अनुमति  थाने जैसे संवेदनशील और सरकारी परिसर में वीडियो रिकॉर्ड करना नियमों के विरुद्ध माना जाता है.

हिरासत में लेते ही बदला अंदाज, मांगी सार्वजनिक माफी

वीडियो वायरल होने के बाद चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर के निर्देश पर साहिल महतो को हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान उसे अपनी गलती का एहसास कराया गया. इसके बाद युवक ने थाने में सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी मांगी और स्वीकार किया कि उसने केवल सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से यह रील बनाई थी.

थाने में कराई गई परेड, चेतावनी देकर छोड़ा गया

पुलिस ने युवक को उसकी गलती का एहसास कराने के लिए थाना परिसर में परेड भी कराई. साहिल ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में वह दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेगा. इसके बाद पुलिस ने उसे पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया. पुलिस ने लोगों, खासकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ में कानून का उल्लंघन न करें. सार्वजनिक और सरकारी संस्थानों की गरिमा बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. बिना अनुमति ऐसे स्थानों पर वीडियो या रील बनाना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है.