रांची (RANCHI): राजधानी रांची में झारखंड आदिवासी महोत्सव के आयोजन को देखते हुए आज ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. कार्यक्रम स्थल के आसपास भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि अलग-अलग इलाकों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है. ऐसे में घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जान लेना जरूरी है.
जेल चौक से बापू वाटिका तक नो एंट्री
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की ओर से जारी निर्देश के अनुसार जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास और एसएसपी आवास से बापू वाटिका तक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. कार्यक्रम के दौरान भीड़ की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अन्य सड़कों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन या अस्थायी रोक लगाई जा सकती है. बोड़या रोड की तरफ से आने वाले लोगों के वाहनों को टीआरआई मैदान में पार्क कराया जाएगा. वहीं टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स और बरियातू की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए डीआईजी मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है.
दूसरे जिलों से आने वालों के लिए तय किए गए रूट
खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से आने वाले वाहनों को कांके रिंग रोड, चांदनी चौक और राम मंदिर मार्ग से निर्धारित पार्किंग स्थल की ओर भेजा जाएगा. वहीं धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एसएसपी आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक, एटीआई मोड़ और सिदो-कान्हू पार्क होते हुए रांची यूनिवर्सिटी मैदान स्थित मोरहाबादी पार्किंग स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है.
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से की सहयोग की अपील
प्रशासन ने महोत्सव में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन की पूरी व्यवस्था की है. आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगी. लोगों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें, निर्धारित वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करें और केवल तय पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें. इससे शहर में जाम की स्थिति को नियंत्रित करने और महोत्सव में आने वाले लोगों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी.

