रांची (RANCHI): राजधानी रांची में पहली बार डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है. 135वें डूरंड कप के मुकाबले 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे. इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने की. इस दौरान आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई.
सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डूरंड कप के आयोजन में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए. उन्होंने खिलाड़ियों और अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था, स्टेडियम की सजावट, सुरक्षा इंतजाम, फायर सेफ्टी और अन्य जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा.
मैच के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं. वहीं रांची नगर निगम को स्टेडियम और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत रखने की जिम्मेदारी दी गई है.

डूरंड कप को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ाने के लिए 18 जुलाई 2026 को रांची में ट्रॉफी टूर का आयोजन किया जाएगा. भारतीय थल सेना की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ट्रॉफी को शहर के प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा. इसका उद्देश्य लोगों को इस ऐतिहासिक फुटबॉल प्रतियोगिता से जोड़ना है.
बैठक में रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव, खेल निदेशक छवि रंजन, सेना के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह और झारखंड खेल प्राधिकरण के अधिकारियों सहित कई विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे.
रांची में होने वाला यह आयोजन झारखंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही फुटबॉल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा.
