रांची पुलिस की अपील! सोशल मीडिया की अफवाहों से सावधान रहें
रांची पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल खबरों, वीडियो और संदेशों को बिना सत्यापन शेयर न करने की अपील की है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने को कहा है.
रांची पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल खबरों, वीडियो और संदेशों को बिना सत्यापन शेयर न करने की अपील की है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने को कहा है.
रांची(RANCHI): सोशल मीडिया में चल रही झूठी खबर और अफवाहों को देखते हुए रांची पुलिस ने जनता से अपील कि है. रांची पुलिस ने सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने वाली खबरों, वीडियो, संदेश और अन्य सूचनाओं को लेकर आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया के अलग अलग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाली किसी भी जानकारी पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें. पुलिस के अनुसार, कुछ असामाजिक और स्वार्थी तत्व जानबूझकर झूठी, भ्रामक और अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित कर लोगों को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे लोगों का उद्देश्य निजी स्वार्थ के लिए समाज में अशांति, तनाव, वैमनस्य और अराजकता का माहौल पैदा करना हो सकता है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी वायरल खबर या वीडियो को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें.
रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रभाव में आकर उठाया गया कोई भी कदम कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है. सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी संदेश को देखकर लोग भावनाओं में आकर कानून अपने हाथ में न लें. पुलिस ने कहा कि किसी भी विवाद या संवेदनशील मामले में खुद कार्रवाई करने के बजाय संबंधित पुलिस या प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना देना ही उचित है. संदिग्ध, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री मिलने पर उसे वायरल करने से बचें और तत्काल इसकी जानकारी पुलिस या प्रशासन को दें. पुलिस का कहना है कि अफवाहों को बढ़ावा देने से न केवल व्यक्ति को परेशानी हो सकती है, बल्कि इससे समाज की शांति और आपसी सद्भाव भी प्रभावित हो सकता है.
रांची पुलिस ने नागरिकों से शांति, सद्भाव और सामाजिक भाईचारा बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है. पुलिस ने लोगों से कहा कि किसी के उकसावे में आकर ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो. खासकर संवेदनशील मामलों में सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी सामग्री को साझा करने से बचना जरूरी है. पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सतर्क रहें, केवल सत्यापित और विश्वसनीय जानकारी पर भरोसा करें और अफवाहों के जाल में न फंसें. रांची पुलिस ने कहा कि किसी के निजी स्वार्थ का साधन बनने के बजाय जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं और समाज में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने में सहयोग करें.