रांची :आज CM आवास का घेराव करेंगे पंचायत सहायक, रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रांची :आज CM आवास का घेराव करेंगे पंचायत सहायक, रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रांची:रांची में बुधवार 5 अगस्त को झारखंड पंचायत सहायक संघ मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगा. इस प्रदर्शन को लेकर राज्य के अलग-अलग जिलों से पंचायत सहायकों का राजधानी पहुंचना शुरू हो गया है. बड़ी संख्या में कर्मचारियों के जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास तक न पहुंच सकें.

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जो लोग आज मोरहाबादी मैदान और उसके आसपास के इलाकों से होकर गुजरने वाले हैं, वे पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी जरूर ले लें. प्रदर्शन के कारण कई मार्गों पर जाम की स्थिति बन सकती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

झारखंड पंचायत सहायक संघ का कहना है कि लंबे समय से उनकी विभिन्न मांगें सरकार के पास लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है. इसी वजह से पंचायत सहायकों ने मुख्यमंत्री आवास घेराव का निर्णय लिया है. संघ का दावा है कि इस आंदोलन में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पंचायत सहायक शामिल होंगे.

संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के अनुसार, पंचायत सहायकों को वर्तमान में मिलने वाला 2,500 रुपये का मानदेय बेहद कम है. इसे बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही है. इसके अलावा हर वर्ष ग्राम सभा से सेवा अनुमोदन की अनिवार्यता समाप्त करने, पंचायत सचिव के पदों पर पंचायत सहायकों को 70 प्रतिशत आरक्षण देने और सेवा के दौरान किसी पंचायत सहायक की मृत्यु होने पर उसके आश्रित को नौकरी देने की भी मांग उठाई गई है.

संघ ने पंचायत सहायकों के लिए स्वास्थ्य बीमा और दुर्घटना बीमा योजना लागू करने की भी मांग की है. साथ ही पंचायत सहायकों की समस्याओं के समाधान और उनकी कार्यप्रणाली की निगरानी के लिए राज्यस्तरीय मॉनिटरिंग सेल के गठन की भी मांग की गई है.

पंचायत सहायकों का कहना है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा. वहीं, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.