रांची (RANCHI): राजधानी रांची के पॉश इलाके मोरहाबादी में गुरुवार को एक डिलीवरी बॉय के साथ कथित मारपीट के बाद जमकर हंगामा हुआ. घटना के विरोध में सैकड़ों Blinkit डिलीवरी पार्टनर्स सड़क पर उतर आए और मोरहाबादी स्थित रामकृष्ण अपार्टमेंट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया. आक्रोशित कर्मियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग करते हुए अपार्टमेंट का घेराव कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, Blinkit का एक डिलीवरी बॉय सामान पहुंचाने के लिए रामकृष्ण अपार्टमेंट गया था. इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी वहां मौजूद कुछ लोगों से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर डिलीवरी कर्मी के साथ मारपीट की गई. आरोप है कि युवक को बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही शहर के विभिन्न इलाकों में काम कर रहे Blinkit डिलीवरी पार्टनर्स में नाराजगी फैल गई. कुछ ही समय में बड़ी संख्या में डिलीवरी कर्मी रामकृष्ण अपार्टमेंट के बाहर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ड्यूटी के दौरान उनके साथी के साथ हुई मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी कर्मियों से बातचीत की और मामले में निष्पक्ष जांच तथा कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया. फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं, डिलीवरी कर्मियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, वे अपने साथी को इंसाफ दिलाने की मांग उठाते रहेंगे.

