UGC-NET को लेकर अलर्ट मोड में रांची, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 हुई लागू

UGC-NET जून 2026 परीक्षा को लेकर रांची प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. 22 से 30 जून तक परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में BNSS की धारा 163 लागू रहेगी. पांच से अधिक लोगों के जुटने, सभा, प्रदर्शन और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा.

UGC-NET को लेकर अलर्ट मोड में रांची, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 हुई लागू

रांची (RANCHI): UGC-NET जून 2026 परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी. इसी क्रम में सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है.

यह आदेश 22 जून से 30 जून 2026 तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी. इसके अलावा लाउडस्पीकर या अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, हथियार लेकर चलने तथा किसी भी प्रकार की सभा, प्रदर्शन या बैठक आयोजित करने पर भी प्रतिबंध रहेगा.

प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था, भीड़भाड़ या अनुचित गतिविधियों की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. अभ्यर्थियों को शांत और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं. UGC-NET परीक्षा के मद्देनजर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

रांची में UGC-NET जून 2026 परीक्षा के लिए कुल छह केंद्र निर्धारित किए गए हैं. इनमें रामटहल चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (ओरमांझी), ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, आयन डिजिटल जोन (तुपुदाना), अरुणिमा टेक्निकल सर्विसेज (समलोंग), आईक्यूब डिजिटल (इरबा) और फ्यूचर ब्राइट (अरगोड़ा) शामिल हैं. प्रशासन ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का पालन करें और परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग दें. इससे परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ और व्यवधान से बचा जा सकेगा.