रांची (RANCHI): राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र काली मंदिर रोड स्थित एक घर में नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला ने अपने पति से वीडियो कॉल और चैट पर बातचीत करने के कुछ देर बाद यह कदम उठाया. घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
मृतका की पहचान सुमन के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उनकी शादी इसी वर्ष फरवरी में हुई थी. शादी के बाद उनके पति रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु में रहकर काम कर रहे थे, जबकि सुमन रांची स्थित अपने घर पर परिवार के साथ रह रही थीं. शुक्रवार को सुमन की अपने पति से वीडियो कॉल और मैसेज के जरिए बातचीत हुई थी. बातचीत समाप्त होने के बाद काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को चिंता हुई. परिजनों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने दरवाजा तोड़कर देखा तो सुमन का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला. परिवार के लोग तुरंत उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुटे, लेकिन तब तक सुमन की मौत हो चुकी थी.
सूचना मिलने पर डोरंडा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस ने जांच के लिए मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है. अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जाएगी ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल जांच और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

