रांची भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा: लाखों श्रद्धालुओं के साथ सीएम और राज्यपाल ने खींचा रथ  

रांची भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा: लाखों श्रद्धालुओं के साथ सीएम और राज्यपाल ने खींचा रथ

रांची(RANCHI):भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के साथ झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी शामिल हुए. रथ खींच कर भगवान जगन्नाथ बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र को मौसी बाड़ी तक पहुंचाया. इस मौके पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ, बहन सुभद्रा एवं भाई बलभद्र की विधिवत् पूजा-अर्चना कर समस्त झारखंडवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की.

Image

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान से श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया. साथ ही 'जय जय जगन्नाथ' के जयकारे लगाए.मुख्यमंत्री के साथ-साथ आस्था भक्ति के समागम में शामिल हजारों श्रद्धालुओं ने भी 'जय-जय जगन्नाथ' के जयकारे लगाए. मौके पर मुख्यमंत्री ने समस्त राज्य वासियों को भक्ति और समर्पण का पर्व रथयात्रा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी.

Image

मुख्यमंत्री ने की तोरणद्वार निर्माण कराए जाने की घोषणा

रथयात्रा के मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जगन्नाथपुर मंदिर की भव्यता को और बड़ी पहचान दिलायी जायेगी. इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर की दूर से ही पहचान हो, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा मंदिर को जोड़ने वाली सड़क पर भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि रथयात्रा महोत्सव का पूरे साल श्रद्धालुओं द्वारा इंतजार किया जाता है. आज यहां श्रद्धालुओं की उपस्थिति जगन्नाथपुर मंदिर की दिव्यता, भव्यता और आकर्षण को स्पष्ट करता है. आने वाले समय में यह रथयात्रा मेला को और सफल तथा प्रभावी बनाया जाएगा.