रांची: छात्रों के आंदोलन को लेकर INDIA गठबंधन की मुख्य सचिव से मुलाकात, अराजक तत्वों पर कार्रवाई की मांग
छात्र आंदोलन को लेकर INDIA गठबंधन की मुख्य सचिव से मुलाकात, अराजक तत्वों पर 48 घंटे में कार्रवाई और परीक्षा मामलों में तेजी की मांग.
छात्र आंदोलन को लेकर INDIA गठबंधन की मुख्य सचिव से मुलाकात, अराजक तत्वों पर 48 घंटे में कार्रवाई और परीक्षा मामलों में तेजी की मांग.
रांची (RANCHI): छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों को लेकर INDIA गठबंधन के घटक दलों के नेताओं ने गुरुवार को झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन की स्थिति और छात्रों से जुड़े विभिन्न मामलों की जानकारी मुख्य सचिव को दी. नेताओं ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों और लोकतांत्रिक अधिकारों का गठबंधन सम्मान करता है, लेकिन आंदोलन की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि आंदोलन में शामिल छात्रों और अराजक गतिविधियों में शामिल लोगों की अलग-अलग पहचान की जाए. नेताओं के अनुसार, इस संबंध में मुख्य सचिव को कुछ वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराए गए हैं. गठबंधन ने कहा कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए, जबकि निर्दोष छात्रों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.
झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि छात्रों और अराजक तत्वों को एक ही नजर से देखना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति हिंसा या अराजकता में शामिल पाया जाता है, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें छात्र आंदोलन को अपने हित में इस्तेमाल कर माहौल खराब करने की कोशिश कर रही हैं.
कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने भी अराजक तत्वों के खिलाफ 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने सीआईडी जांच में तेजी लाने और परीक्षा संबंधी मामलों, खासकर CGL से जुड़े विवादों में पारदर्शी कार्रवाई पर जोर दिया.
गठबंधन नेताओं ने बताया कि संबंधित मामलों में जांच एजेंसियां पहले से कार्रवाई कर रही हैं. उन्होंने JPSC और अन्य परीक्षा मामलों की जांच को गति देने की मांग की.
प्रतिनिधिमंडल में JMM के विनोद कुमार पांडेय, विकास मुंडा, एमटी राजा और सुदीप गुड़िया, कांग्रेस के केशव महतो कमलेश, राजेश कच्छप, सुरेश बैठा, ममता देवी और राजेश ठाकुर तथा RJD के मनोज पांडेय और आबिद अली शामिल रहे.