रांची: बुचा घाटी में ट्रक ने कार और तीन बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौत, चार घायल

रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र की बुचा घाटी में तेज रफ्तार ट्रक ने कार और तीन बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

रांची: बुचा घाटी में ट्रक ने कार और तीन बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौत, चार घायल

रांची(RANCHI): जिले के पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित बुचा घाटी में को तेज रफ्तार ट्रक ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. बताया गया कि ट्रक ने पहले एक कार और फिर तीन मोटरसाइकिलों को पीछे से जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा. घायलों को तत्काल इलाज के लिए रिम्स भेजा गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई. हादसे में 18 वर्षीय अंकित कुमार और 58 वर्षीय गोपाल राम की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है.

इधर, पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और तीनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है. थाना प्रभारी सतीश पांडेय ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में किसी तरह की तकनीकी खराबी आई थी या फिर तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई. इसके साथ ही हादसे के बाद ट्रक चालक के मौके से भागने की कोशिश को लेकर भी जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने का प्रयास कर रही है.