रांची: बड़ा तालाब के पास संदिग्ध हालात में युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच कर रही पुलिस
रांची के बड़ा तालाब के पास युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मोहम्मद सरवर के रूप में हुई है. पुलिस मौत की वजह जानने के लिए जांच और CCTV फुटेज खंगाल रही है.
रांची (RANCHI): राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार की अहले सुबह बड़ा तालाब के पास एक युवक का शव मिला है. इलाके में सुबह के समय स्थानीय लोगों ने तालाब के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक को पड़ा देखा, जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. शव देखकर लोगों ने इस घटना की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी. ऐसे में जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी है. इधर मृतक की पहचान कर्बला चौक निवासी मोहम्मद सरवर के तौर पर हुई है, हालांकि शुरुआती जांच में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस इसे संदिग्ध मानकर अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल में जुट गई है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा. घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है. पुलिस ने परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई है और मृतक से जुड़े हालिया घटनाक्रम के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
मामले की जांच के दौरान पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक आखिरी बार कब और किन लोगों के साथ देखा गया था. फिलहाल पुलिस हादसा, आत्महत्या और किसी आपराधिक घटना समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज की जांच के बाद ही मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है. पुलिस घटनास्थल से जुड़े हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है.