JSSC क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की हुई समीक्षा

JSSC क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की हुई समीक्षा

RANCHI:रांची में 19 जुलाई को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर परीक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने की, जिसमें सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए.

बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, भूमि सुधार उप समाहर्ता बुंडू छविबाला बारला सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधा, समय पर परीक्षा संचालन और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने को लेकर विस्तृत चर्चा की. केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया गया कि सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए.

प्रशासन ने बताया कि परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी और सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे. परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था भी की गई है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी तरह नकलमुक्त, पारदर्शी और अनुशासित माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना सभी अधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों की संयुक्त जिम्मेदारी है. उन्होंने प्रत्येक केंद्र पर तय प्रोटोकॉल का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए. इस परीक्षा में राज्यभर से हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे. जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों, अभिभावकों और आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.