रांची: नाबालिग ने निकाह से किया इनकार, तो 35 वर्षीय युवक ने कर लिया किशोरी का अपहरण, फिर जो किया...

रांची: नाबालिग ने निकाह से किया इनकार, तो 35 वर्षीय युवक ने कर लिया किशोरी का अपहरण, फिर जो किया...

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. आरोप है कि 35 वर्षीय युवक लंबे समय से नाबालिग पर निकाह का दबाव बना रहा था. जब लड़की ने उसकी बात मानने से इनकार किया तो उसने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की साजिश रच दी. इतना ही नहीं, विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. पीड़ित पिता की शिकायत पर एयरपोर्ट थाना में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.

प्राथमिकी के अनुसार, मनी टोला स्थित रजा कॉलोनी (रोड नंबर-1) निवासी शमशाद आलम ने बताया कि 4 जुलाई की सुबह वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ बड़ी बेटी के निकाह के लिए लड़का देखने लोहरदगा गए थे. घर पर उनकी करीब साढ़े 17 वर्षीय बेटी अकेली थी. शाम करीब 7 बजे जब पूरा परिवार वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला और नाबालिग बेटी घर में नहीं थी. परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. बाद में जानकारी मिली कि दोपहर करीब 3 बजे वह घर से बाहर निकली थी.

परिजनों की छानबीन में पता चला कि डोरंडा के फिरदौस नगर निवासी 35 वर्षीय आसिफ अंसारी कथित तौर पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसका उद्देश्य नाबालिग से निकाह करना था. पीड़ित परिवार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि मोहल्ले के ही रहने वाले गुलाम मुस्तफा ने इस पूरी घटना में सहयोग किया. आरोप है कि उसने नाबालिग को अपना मोबाइल नंबर दिया, उसकी आरोपी से बातचीत कराई और रांची से बाहर भेजने में मदद की, जहां से मुख्य आरोपी उसे अपने साथ ले गया.

परिवार को मिली जान से मारने की धमकी
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आसिफ अंसारी पहले से नाबालिग पर निकाह का दबाव बना रहा था. वह लड़की को धमकी देता था कि अगर वह उसके साथ नहीं गई तो पूरे परिवार को जान से मार देगा. वहीं, घटना के बाद जब परिजन गुलाम मुस्तफा से जानकारी लेने पहुंचे तो उसने भी पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. पीड़ित पिता के लिखित आवेदन के आधार पर एयरपोर्ट थाना में कांड संख्या-29/26 दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और नाबालिग की तलाश के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.