रांची: 2018 बैच की महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप का निधन, डिलीवरी के बाद बिगड़ी थी तबीयत

रांची में 2018 बैच की महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप का डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ने से इलाज के दौरान निधन हो गया. पुलिस महकमे में शोक की लहर.

रांची: 2018 बैच की महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप का निधन, डिलीवरी के बाद बिगड़ी थी तबीयत

रांची (RANCHI): राजधानी रांची से पुलिस महकमे से एक घटना स आई है जहां 2018 बैच की महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप का आज इलाज के दौरान निधन हो गया. जानकारी के मुताबिक, सुमित्रा कच्छप की पोस्टिंग गिरिडीह जिले में थी. वर्तमान में वह झारखंड हाई कोर्ट, रांची में गिरिडीह जिला बल की ओर से कोर्ट नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त थीं. उनके निधन की खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है. सहकर्मियों और अधिकारियों के बीच इस आकस्मिक घटना को लेकर गहरा दुख है.

बताया जा रहा है कि डिलीवरी के बाद महिला दारोगा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. इसके बाद परिजनों और विभागीय स्तर पर उन्हें इलाज के लिए रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका. उपचार के क्रम में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. हालांकि, उनकी तबीयत बिगड़ने की विस्तृत वजह और इलाज से जुड़ी अन्य चिकित्सकीय जानकारी अभी सामने नहीं आई है. घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

सुमित्रा कच्छप के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों, सहकर्मियों और विभाग से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया. पुलिस महकमे में उन्हें एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में याद किया जा रहा है. सहकर्मियों ने कहा कि उनका आकस्मिक निधन विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है. महिला दारोगा के निधन से उनके परिचितों और शुभचिंतकों में भी शोक की लहर है. फिलहाल, उनके अंतिम संस्कार और अन्य पारिवारिक औपचारिकताओं से जुड़ी जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.