छठ को लेकर रेलवे का बड़ा एक्शन प्लान, 901 स्पेशल ट्रेन की तैयारी,स्टेशनों पर बढ़ेंगी सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था

छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्व रेलवे ने अपने चारों मंडलों हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा में विशेष परिचालन, सुरक्षा और यात्री सुविधा संबंधी व्यवस्थाएं की हैं.

छठ को लेकर रेलवे का बड़ा एक्शन प्लान, 901 स्पेशल ट्रेन की तैयारी,स्टेशनों पर बढ़ेंगी सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था

 

 

TNPDESK: छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्व रेलवे ने अपने चारों मंडलों हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा में विशेष परिचालन, सुरक्षा और यात्री सुविधा संबंधी व्यवस्थाएं की हैं. महाप्रबंधक गीतिका पांडेय की पहल पर इस वर्ष विशेष रेल सेवाओं की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में 20.13 प्रतिशत की वृद्धि की गई है.

पूर्व रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक कुल 901 टीओडी (TOD) विशेष ट्रेनों के फेरे अधिसूचित किए गए हैं. जबकि वर्ष 2025 में कुल 750 विशेष फेरों का संचालन किया गया था. इस बार 626 आरक्षित और 275 अनारक्षित विशेष फेरे निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा काली पूजा और दिवाली के अवसर पर 8 से 11 नवंबर तक सियालदह मंडल में विशेष रात्रिकालीन उपनगरीय सेवाओं की संख्या भी 8 से बढ़ाकर 12 कर दी गई है.

प्रतीक्षालय क्षेत्र में 32.97 प्रतिशत की बढ़ोतरी

त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय यानी होल्डिंग एरिया का विस्तार किया गया है. पूर्व रेलवे ने कुल प्रतीक्षालय क्षेत्र को 1,09,177 वर्ग फीट से बढ़ाकर 1,45,177 वर्ग फीट कर दिया है. इसमें हावड़ा स्टेशन पर 83,250 वर्ग फीट, सियालदह में 28,827 वर्ग फीट, आसनसोल में 29,450 वर्ग फीट और मालदा में 3,650 वर्ग फीट क्षेत्र शामिल है.

यात्रियों को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों की तैनाती में भी 22.25 प्रतिशत की वृद्धि की गई है. पिछले वर्ष जहां 355 कर्मचारी तैनात थे, वहीं इस वर्ष इनकी संख्या बढ़ाकर 434 कर दी गई है.

टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने की विशेष तैयारी

त्योहारी सीजन में टिकट लेने के दौरान यात्रियों को लंबी कतारों से राहत देने के लिए अनारक्षित टिकट काउंटरों और मोबाइल टिकटिंग सुविधाओं का विस्तार किया गया है. हावड़ा स्टेशन पर अनारक्षित टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाकर 25 और मोबाइल टिकटिंग स्थलों की संख्या 16 कर दी गई है. यहां 39 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें (ATVMs), 16 एमयूटीएस सहायक और 10 आरक्षित सहायक स्टैंडबाय पर रखे गए हैं.

वहीं, सियालदह स्टेशन पर अनारक्षित टिकट काउंटरों की संख्या 28 और मोबाइल टिकटिंग स्थलों की संख्या 21 की गई है. सियालदह, कोलकाता, नैहाटी, बारासात और कृष्णनगर सिटी जंक्शन पर भी विशेष टिकटिंग व्यवस्था की गई है. आसनसोल, जसीडीह, दुर्गापुर, मधुपुर और भागलपुर में अतिरिक्त यूटीएस एवं एमयूटीएस काउंटर स्थापित किए गए हैं.

सुरक्षा के लिए 1,379 RPF जवान तैनात

त्योहारी भीड़ के बीच यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं. प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या में 24.38 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए कुल 1,306 कैमरे लगाए गए हैं. वहीं, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तैनाती में 11.65 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर कुल 1,379 जवानों को लगाया गया है.

संवेदनशील और अत्यधिक भीड़ वाले स्थानों पर सशस्त्र त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT), डॉग स्क्वॉड और सामान जांच के लिए लगेज स्कैनर तैनात किए गए हैं. रात्रिकालीन लोकल ट्रेनों में महिला सुरक्षाकर्मियों सहित दो सदस्यीय आरपीएफ दल द्वारा एस्कॉर्ट की व्यवस्था भी की गई है.

24 घंटे सक्रिय रहेंगे कंट्रोल रूम और वॉर रूम

रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ और ट्रेनों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए पूर्व रेलवे मुख्यालय सहित हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा मंडल मुख्यालयों में 24 घंटे वॉर रूम और नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेंगे. फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर और लिफ्ट के आसपास भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है.

रेलवे ने भगदड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्लेटफॉर्म पर अंतिम समय में बदलाव से परहेज करने की व्यवस्था पर भी जोर दिया है, ताकि यात्रियों की अनावश्यक भागदौड़ और अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न न हो.

साहिबगंज समेत प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे चिकित्सा सुविधा

त्योहारी यात्रा के दौरान यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. हावड़ा, सियालदह, बर्द्धमान, रामपुरहाट, कोलकाता, दमदम, आसनसोल, जसीडीह, मधुपुर, मालदा टाउन, भागलपुर, साहिबगंज और जमालपुर समेत कई स्टेशनों पर 24 घंटे मेडिकल बूथ, त्वरित प्रतिक्रिया चिकित्सा दल (QMRT) और स्टैंडबाय एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है.

इसके साथ ही प्लेटफॉर्मों की मशीनीकृत सफाई, नियमित कचरा निस्तारण, भीड़ के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान और पेयजल टंकियों के क्लोरीनीकरण की निगरानी की जा रही है.

पूर्व रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

रिपोर्ट: गोविंद ठाकुर