जगन्नाथपुर रथ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिला निमंत्रण

जगन्नाथपुर रथ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिला निमंत्रण

रांची (RANCHI): झारखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान मानी जाने वाली जगन्नाथपुर रथ यात्रा महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. आगामी 16 जुलाई से शुरू होने वाले नौ दिवसीय महोत्सव के लिए जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें औपचारिक निमंत्रण सौंपा. मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई.

Image

कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष एन.एन. पांडे और प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रथ यात्रा की विस्तृत तैयारियों की जानकारी दी. समिति ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आयोजन को पहले से अधिक सुव्यवस्थित और भव्य बनाने की दिशा में विशेष तैयारियां की जा रही हैं.

Image

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि झारखंड की साझा संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण में भगवान जगन्नाथ के दर्शन का अवसर मिले.

Image

हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करने वाली इस ऐतिहासिक रथ यात्रा को लेकर प्रशासन और मंदिर न्यास समिति संयुक्त रूप से तैयारियों में जुटे हैं. मंदिर परिसर से लेकर मौसीबाड़ी तक पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. इस अवसर पर मंदिर न्यास समिति के सचिव प्रसन्न कुमार, सदस्य गोपाल उपाध्याय, नीतू देवी, कमल ठाकुर और अमरदीप कौशल भी उपस्थित रहे.