दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट! ड्रोन से होगी निगरानी, 24×7 कंट्रोल रूम
दुर्गा पूजा को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट है. DGP ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, ड्रोन से निगरानी और 24×7 कंट्रोल रूम के निर्देश दिए हैं.
दुर्गा पूजा को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट है. DGP ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, ड्रोन से निगरानी और 24×7 कंट्रोल रूम के निर्देश दिए हैं.
रांची (RANCHI): त्योहारों का सीजन आ गया है. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रांची पुलिस अलर्ट मोड में है. इसी कड़ी में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीजीपी तदाशा मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कई अहम निर्देश दिए. मुख्यालय में हुई बैठक में वरीय अधिकारियों के अलावा सभी जिलों के एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए. डीजीपी ने जिलों की सुरक्षा तैयारियों की जानकारी लेते हुए पूजा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा. उन्होंने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. भीड़भाड़ वाले इलाकों में छेड़खानी, चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा गया है. पूजा पंडालों और आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया.
डीजीपी ने रांची को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में पूजा पंडाल बनते हैं और दूसरे इलाकों से भी लोग पहुंचते हैं. ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने शहरों में ड्रोन के जरिए निगरानी रखने को भी कहा, ताकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और पूजा स्थलों की सुरक्षा पर नजर रखी जा सके. साथ ही सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी दुर्गा पूजा पंडालों का सत्यापन और भौतिक निरीक्षण कराने का निर्देश दिया गया है. पुलिस बलों को दंगा-रोधी संसाधनों से लैस रखने पर भी जोर दिया गया.
बैठक में सभी जिलों में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके और आम लोगों की शिकायतों का तेजी से निपटारा हो. डीजीपी ने सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखने को कहा. भड़काऊ पोस्ट, अफवाह और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कंटेंट की निगरानी कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस अधिकारियों से संवेदनशील गतिविधियों की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.