1 करोड़ दो, वरना दुकान कर देंगे धुआं-धुआं! रांची में माही रेस्टोरेंट संचालक से मांगी गई रंगदारी

रांची के माही रेस्टोरेंट संचालक से एक करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. रकम नहीं देने पर परिवार को जान से मारने और दुकान में आग लगाने की धमकी का आरोप है. पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत और CCTV फुटेज की जांच कर रही है.

1 करोड़ दो, वरना दुकान कर देंगे धुआं-धुआं!  रांची में माही रेस्टोरेंट संचालक से मांगी गई रंगदारी

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में एक रेस्टोरेंट संचालक से कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. आरोप है कि रकम नहीं देने पर रेस्टोरेंट संचालक और उसके परिवार को जान से मारने के साथ दुकान में आग लगाने की धमकी दी गई. मामले को लेकर अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. कांके के झिरगा टोली निवासी और अरगोड़ा स्थित माही रेस्टोरेंट के संचालक दिनेश कुमार मिश्रा ने पुलिस को दिए आवेदन में पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल, अनूप गर्ग और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया है. दिनेश मिश्रा का आरोप है कि 19 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे वह रेस्टोरेंट में मौजूद थे. इसी दौरान रवि प्रकाश जायसवाल एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा. दोनों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें अनूप गर्ग ने भेजा है.

याचिका वापस लेने का भी बनाया दबाव
दिनेश मिश्रा के मुताबिक, आरोपियों ने उनके बड़े भाई संजय मिश्रा द्वारा अनूप गर्ग के खिलाफ रांची जिला न्यायालय और दिल्ली हाईकोर्ट में दायर क्वैशिंग याचिका का जिक्र किया. आरोप है कि उनसे इस याचिका को वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया. इसी दौरान कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की मांग की गई. शिकायतकर्ता का आरोप है कि सात दिनों के भीतर रकम नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई. यहां तक कि रेस्टोरेंट में आग लगाने की बात भी कही गई. दिनेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है.

दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई FIR
वहीं, इस विवाद में दूसरा पक्ष भी सामने आया है. पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल ने भी दिनेश मिश्रा और अरविंद मिश्रा के खिलाफ अरगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई है. रवि प्रकाश का आरोप है कि दोनों ने समझौते के लिए उन्हें KFC के पास स्थित अपनी दुकान पर बुलाया था. रवि प्रकाश के अनुसार, वहां पहुंचने के बाद दोनों ने दर्ज मामले में समझौता करने का दबाव बनाया. विरोध करने पर कथित तौर पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान उनकी सोने की चेन और जेब में रखे 13 हजार रुपये भी निकाल लिए गए.

रवि प्रकाश ने यह भी दावा किया कि एक करोड़ रुपये के लेन-देन को लेकर तकादा करने पर आरोपियों ने रकम के बारे में अनजान होने की बात कही और उन्हें जान से मारने की धमकी दी. फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस CCTV फुटेज और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है. जांच के बाद ही पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.