झारखंड में बढ़ सकती है मरीजों की परेशानी, आज रात से ठप हो सकती है 108 एंबुलेंस सेवा, जानिए वजह
झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर बुधवार रात 8 बजे से हड़ताल पर जाएंगे. एनएचएम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन की तैयारी है.
झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर बुधवार रात 8 बजे से हड़ताल पर जाएंगे. एनएचएम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन की तैयारी है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली 108 एंबुलेंस सेवा पर हड़ताल का असर पड़ सकता है. राज्यभर के 108 एंबुलेंस कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी में हैं. एंबुलेंस संचालक संघ के अनुसार, बुधवार रात 8 बजे से राज्य की सभी 108 एंबुलेंस के पहिए थम जाएंगे. कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं को लेकर शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में वेतन से मनमाने तरीके से की गई कटौती की जांच, बकाया राशि की वापसी और संदिग्ध वेतन भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच शामिल है. इसके अलावा खराब एंबुलेंस के नाम पर सरकारी राशि के भुगतान, कर्मचारियों पर फर्जी केस आईडी बनाने के दबाव और वाहनों की मरम्मत के लिए अपनी जेब से पैसे खर्च करने की मजबूरी जैसे मुद्दे भी उठाए गए हैं.
मौजूदा फाउंडेशन को राज्यभर में 500 एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन इनमें से करीब 30 प्रतिशत वाहन भी फिलहाल चलने की स्थिति में नहीं हैं. उनका कहना है कि प्रत्येक प्रखंड में जरूरत के मुताबिक एक या दो एंबुलेंस तैनात हैं, लेकिन अधिकांश वाहनों की हालत खराब है. ऐसे में एंबुलेंस सेवा की मौजूदा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड में एंबुलेंस संचालन के लिए महाराष्ट्र की एक नई एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी चल रही है. इस मुद्दे पर भी कर्मचारियों की बैठक में चर्चा की जाएगी.
आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए बुलाई गई बैठक
हड़ताल को सफल बनाने और आगे की रणनीति तय करने के लिए भारतीय मजदूर संघ के धुर्वा, रांची स्थित कार्यालय में राज्यभर के जिला अध्यक्षों और सचिवों की बैठक बुलाई गई है. इसमें आंदोलन की रूपरेखा, कर्मचारियों की भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की जा रही है. वहीं, राज्यभर के 108 एंबुलेंस कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड कार्यालय के समक्ष एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे. संघ ने सभी जिलों के एंबुलेंस कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. यदि हड़ताल के कारण सेवा बाधित होती है, तो आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हो सकती है.