यात्रिगण कृपया ध्यान दें! दिल्ली-टाटानगर रूट पर बढ़ी भीड़, रेलवे चलाएगा नई स्पेशल ट्रेन
दिवाली-छठ से पहले दिल्ली-टाटानगर रूट की ट्रेनों में वेटिंग बढ़ गई है. यात्रियों की सुविधा के लिए हिसार-टाटानगर के बीच नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है.
रांची (RANCHI): ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही नई दिल्ली से टाटानगर के बीच चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है. अक्टूबर और नवंबर में कई तारीखों पर कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है. नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी, आनंद विहार-पुरी पुरुषोत्तम, जम्मू तवी-टाटानगर और आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस में वेटिंग तेजी से बढ़ रही है. 15-16 अक्टूबर और 5-7 नवंबर के लिए कई श्रेणियों में सीटें उपलब्ध नहीं हैं. 7 नवंबर को राजधानी एक्सप्रेस के 3A कोच में वेटिंग 202 तक पहुंचने की जानकारी है, जबकि पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की कई श्रेणियों में बुकिंग उपलब्ध नहीं है.
यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे के सामने अतिरिक्त ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा गया है. इसके तहत हिसार से टाटानगर के बीच एक साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना है. प्रस्तावित ट्रेन दिल्ली, कानपुर, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, हजारीबाग रोड, बरकाकाना, मुरी और चांडिल होते हुए टाटानगर पहुंचेगी. जरूरत के अनुसार ट्रेन का विस्तार आदित्यपुर या घाटशिला तक किए जाने का भी प्रस्ताव है. करीब 1513 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन को 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच चलाने की योजना है.
प्रस्ताव के अनुसार, इस अवधि में ट्रेन के कुल 16 अप-डाउन ट्रिप संचालित किए जा सकते हैं. ट्रेन की एक खासियत यह होगी कि टाटानगर में इसके लिए सेकेंडरी मेंटेनेंस की आवश्यकता नहीं होगी. प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद ट्रेन को वहीं से वापसी के लिए रवाना किया जा सकेगा. यदि रेलवे प्रस्ताव को मंजूरी देता है, तो दिल्ली-टाटानगर रूट पर त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. इससे राजधानी, पुरुषोत्तम और नीलांचल जैसी ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.