TNP DESK: झारखंड में बसों से सफर करने वाले यात्रियों को अब अधिक किराया चुकाना होगा. झारखंड चेंबर की बस परिवहन की बैठक में राज्यभर के 30 से अधिक बस संचालकों ने भाग लिया. बैठक में परिचालन लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी और परिवहन क्षेत्र की चुनौतियों पर चर्चा के बाद बस किराये में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया.
निर्णय के अनुसार राज्य के विभिन्न रूटों पर बस किराये में लगभग 18 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जाएगी. इसके चलते यात्रियों को अब दूरी के हिसाब से 40 रुपये से लेकर 100 रुपये तक अधिक भुगतान करना पड़ सकता है. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वाली बसों के किराये में 12 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है. नई दरें 6 जून से लागू होंगी.
दूसरी ओर, झारखंड मिनी बस ट्रक एसोसिएशन की बैठक में माल भाड़े को भी बढ़ाने का निर्णय लिया गया. डीजल की बढ़ती कीमत, वाहन रखरखाव, बीमा, स्पेयर पार्ट्स और अन्य खर्चों में लगातार इजाफे को देखते हुए माल ढुलाई दरों में 15 प्रतिशत वृद्धि की गई है. नई माल भाड़ा दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं.
बस संचालकों का कहना है कि अब तक यात्रियों से करीब 1.50 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया लिया जाता था, लेकिन बढ़ती लागत को देखते हुए इसे बढ़ाकर 1.90 से 2 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है. उनका दावा है कि वर्ष 2008 के बाद पहली बार बस किराये में संशोधन किया गया है.
प्रमुख रूटों का नया किराया
रांची-डालटनगंज : 300 रुपये से बढ़कर 360 रुपये
रांची-हजारीबाग : 200 रुपये से बढ़कर 240 रुपये
रांची-आसनसोल : 400 रुपये से बढ़कर 470 रुपये
रांची-दुर्गापुर : 450 रुपये से बढ़कर 530 रुपये
रांची-सिमडेगा : 250 रुपये से बढ़कर 300 रुपये
रांची-पटना : 500 रुपये से बढ़कर 590 रुपये
रांची-जमशेदपुर : 250 रुपये से बढ़कर 300 रुपये
रांची-धनबाद : 350 रुपये से बढ़कर 410 रुपये
रांची-कोडरमा : 300 रुपये से बढ़कर 360 रुपये
रांची-गढ़वा : 350 रुपये से बढ़कर 410 रुपये
रांची-भागलपुर : 550 रुपये से बढ़कर 650 रुपये
रांची-गुमला : 200 रुपये से बढ़कर 240 रुपये
रांची-बोकारो : 300 रुपये से बढ़कर 360 रुपये