पलामू: हुसैनाबाद में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध धराए, देसी कट्टा और कारतूस बरामद
पलामू के हुसैनाबाद में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा. तलाशी में लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ.
पलामू के हुसैनाबाद में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा. तलाशी में लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ.
पलामू (PALAMU): हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस की एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया है. पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान एक नाबालिग किशोर के पास से लोडेड देसी कट्टा और दूसरे युवक के पास से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. मामले में हुसैनाबाद थाना में कांड संख्या 193/26 दर्ज किया गया है. हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल ने अनुमंडल सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 15 सितंबर की शाम करीब सात बजे कचरा मोड़ के पास एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अवर निरीक्षक बिमल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रामचन्द्र सिंह और सशस्त्र बल के जवान जांच में तैनात थे.
एसडीपीओ के मुताबिक, छतरपुर की ओर से पैदल आ रहे दो युवकों की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं. पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, जिसके बाद जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान एक नाबालिग किशोर की जींस पैंट के बाएं कमर हिस्से में छिपाकर रखा गया लोहे का बना लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया. वहीं दूसरे युवक की पहचान रितेश कुमार पासवान, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता उदय पासवान, निवासी अलीनगर, हुसैनाबाद के रूप में हुई. उसके जींस की दाहिनी जेब से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस बरामद किया. पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में रितेश कुमार पासवान ने हथियार और कारतूस से जुड़े मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ अवैध हथियार रखने के मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि रितेश को आगे की विधिक प्रक्रिया के लिए भेजा जा रहा है, जबकि नाबालिग से संबंधित कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी. एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक बिमल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रामचन्द्र सिंह, आरक्षी महेंद्र राम और आरक्षी चन्द्र भूषण कुमार दूबे समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.