पलामू (PALAMU): पलामू के हुसैनाबाद में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा के आवासीय कार्यालय परिसर में पूर्व मंत्री और भाजपा नेता कमलेश कुमार सिंह ने तिरंगा फहराया. ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद आयोजित सभा में उन्होंने क्षेत्र के विकास, सामाजिक एकता और राजनीतिक सोच को लेकर अपनी बात रखी. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
अपने संबोधन में कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि हरिहरगंज-हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए उनके कार्यकाल के दौरान कई स्तरों पर काम किया गया. उन्होंने दावा किया कि बिजली, स्वास्थ्य, सड़क और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए गए. उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की तरक्की के लिए जाति और धर्म से ऊपर उठकर विकास को प्राथमिकता देना जरूरी है.
पूर्व मंत्री ने कहा कि जाति और धर्म व्यक्ति की निजी पहचान का हिस्सा हैं, लेकिन राजनीति का आधार विकास और जनता की जरूरतें होनी चाहिए. उन्होंने लोगों से जात-पात की राजनीति से दूर रहकर विकास के मुद्दों पर एकजुट होने की अपील की. इसी दौरान उन्होंने अपने पुत्र और भाजपा युवा नेता सूर्या सिंह को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित किया.
सूर्या सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत की प्राचीन शिक्षा और संस्कृति का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि नालंदा जैसे संस्थान कभी पूरी दुनिया में भारत की पहचान थे. उनके मुताबिक देश की संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जुड़कर ही युवा बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं.
उन्होंने झारखंड में रोजगार और सरकारी नौकरियों को लेकर भी चिंता जताई. सूर्या सिंह ने कहा कि रोजगार के अवसरों को लेकर राज्य के युवा परेशान और आंदोलित हैं. उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की अपील की.
उन्होंने हुसैनाबाद-हरिहरगंज क्षेत्र में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया. सूर्या सिंह ने कहा कि यदि क्षेत्र की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो दुर्गा पूजा के बाद आंदोलन शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि माता रानी का आशीर्वाद लेकर जनता के मुद्दों को लेकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा. कार्यक्रम का समापन क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के संकल्प के साथ हुआ.

